शिशुपाल शोरी समेत कांग्रेस के दिग्गज भाजपा में शामिल

Congress stalwarts including Shishupal Shori join BJP, a day before Bastar elections, more than 700 people join BJP again, Chhattisgarh, Khabargali

बस्तर चुनाव के एक दिन पूर्व फिर से भाजपा में 700 से ज्यादा लोगो का प्रवेश

कांग्रेस अब विलुप्त होने की कगार पर :विष्णु देव साय

रायपुर (khabargali) भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहीं जनकल्याणकारी योजनाओं व विकसित भारत के संकल्प से प्रभावित होकर गुरुवार को काँकेर के पूर्व विधायक शिशुपाल सोरी सहित सैकड़ों राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा प्रवेश किया। लोकसभा के लिए प्रथम चरण में होने जा रहे बस्तर लोकसभा में मतदान से ठीक एक दिन पहले बस्तर में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश में भाजपा प्रवेश का सिलसिला लगातार जारी है।

भाजपा प्रवेश उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवप्रवेशी भाजपा सदस्यों को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर उनका भाजपा परिवार में स्वागत किया। भाजपा के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पहले आयोजित प्रवेश उत्सव में पूर्व विधायक कांग्रेस विधान मिश्रा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, कांग्रेस के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, जगदलपुर महापौर सफीरा साहू, पूर्व महापौर वाणी राव, जिला पंचायत अध्यक्ष महासमुंद उषा पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिता रावटे, विष्णु यादव, जोगी कांग्रेस यूथ विंग प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप साहू, पूर्व मंत्री हरिदास भारद्वाज, मंतूराम पवार, राजेन्द्र कुमार लुंकड़, बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चैहान, राजा नीलेन्द्र बहादुर जैसे दिग्गज पहले भी भाजपा में प्रवेश कर चुके है।

भाजपा में आज प्रवेश कार्यक्रम में गुरुवार को जिन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली है, उनमें प्रमुख रूप से कांग्रेस के दिग्गज नेता शिशुपाल सोरी, विजय गुरु की सुपुत्री प्रियंका गुरु, चंद्रप्रकाश वाजपेई, कांग्रेस की बिलासपुर लोकसभा की जिम्मेदारी संभाल रहे, संतोष कौशिक, दंतेवाड़ा से जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुभाष सुराना,शरद रण सिंह सहित 700 से ज्यादा लोगों ने भाजपा प्रवेश किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अब चला चली की बेला है। पतझड़ की तरह कांग्रेस रूपी वृक्ष को उनके नेता और कार्यकर्ता पार्टी को छोड़कर उसे ठूँठ में बदलने का काम कर रहे हैं। वैसे तो पूरे देश में यही आलम है। केंद्रीय राजनीति में भी कई दिग्गज नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ते जा रहे हैं। कांग्रेस में आम कार्यकर्ताओं की कोई पूछ-परख नहीं हो रही है।, उल्टे अपनी व्यथा व्यक्त करने, बड़े नेताओं को खरी-खरी सुनाने, सरकार से लेकर संगठन तक मचाई गई लूट पर बोलने वालों को 'स्लीपर सेल' तक कहकर अपमानित किया गया। श्री साय ने कहा कि इसीलिए अब कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। श्री साय ने सभी कार्यकर्ताओं से प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा की विजय के लिए प्राण-पण से जुटने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस रूपी जहाज को अब डूबने से कोई नहीं बचा सकता ,ऐसा कोई दिन नहीं जब कांग्रेस के दिग्गज कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं अब सभी को यह मालूम हो चल चुका है कि कांग्रेस राष्ट्रहित की राजनीति करने वाला दल नहीं रहा, कांग्रेस ने कई कार्य ऐसे किए हैं जो राष्ट्र का भारत का अपमान और अहित करने वाले हैं इसीलिए कांग्रेस के नेता राष्ट्रहित सर्वोपरि के उद्देश्य से आगे बढ़ रही भाजपा का दामन थाम रहे हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, विधायक धर्मजीत सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी नरेश गुप्ता ,प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।

Category