मॉस्को में बड़ा आतंकी हमला ..150 लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल

Big terrorist attack in Moscow..150 people died, more than 100 injured, Khabargali

सुबह 3.30 बजे तक हमला जारी था.. घटना के वक्त क्रोकस सिटी हॉल में छह हजार से ज्यादा लोग थे

मॉस्को (khabargali) रूस की राजधानी मॉस्को में शुक्रवार देर शाम बड़ा आतंकी हमला हुआ। कई बंदूकधारियों ने एक बड़े समारोह स्थल क्रोकस सिटी हॉल पर लोगों पर स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की। इसमें 150 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल होने की सूचना है। यह हमला तब हुआ जब क्रोकस सिटी हॉल में प्रसिद्ध रूसी रॉक बैंड पिकनिक के एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। इस हॉल में 6,000 से अधिक लोग बैठ सकते हैं। कंसर्ट से पहले भेष बदलकर हाल में घुसे 5 या उससे ज्यादा हथियारबंद लोगों ने बेतहाशा गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद अफरा तफरी फैल गई।

इस घटना के एक आतंकवादी हमला होने की आशंका जताई जा रही है। हमले के दौरान समारोह स्थल की इमारत में आग लग गई। भारतीय समयानुसार सुबह 3 बजे तक हमला जारी था। हॉल के अंदर गोलियां चलने और विस्फोटों की आवाज लगातार आ रही थी। इसे रूस पर हुआ अब तक का सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जा रहा है। रूस की स्पेशल फोर्सेस वहां पहुंच गई हैं और ऑपरेशन चालू कर दिया गया है। अमेरिका का दावा है कि उसने इसी तरह के किसी हमले की चेतावनी रूस को दी थी। इस हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी भी संगठन ने नहीं ली है। इसे रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने हमले को बहुत बड़ी त्रासदी बताया। रूस की शीर्ष जांच एजेंसी गोलीबारी और विस्फोट की इस घटना को आतंकवादी हमला मानकर इसकी जांच कर रही है।

रूस की शीर्ष घरेलू सुरक्षा एजेंसी, संघीय सुरक्षा सेवा ने कहा कि गोलीबारी की इस घटना में लोगों की मौत हुई है और कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं, लेकिन उन्होंने मृतकों और घायलों की कोई संख्या नहीं बताई। रूस के मीडिया संस्थानों में आई खबरों के मुताबिक रूसी राजधानी के पश्चिमी क्षेत्र स्थित क्रोकस सिटी हॉल में गोलीबारी हुई। कई अन्य रूसी मीडिया संस्थानों ने गोलीबारी की सूचना दी और कहा कि गोलीबारी के कारण संबंधित स्थल पर स्थित एक मॉल में आग लग गई। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में इमारत के ऊपर काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिख रहा है।