मुलायम सिंह के छोटे बेटे का प्रतीक यादव का निधन, परिजनों में दौड़ी शोक की लहर

Mulayam Singh's younger son Prateek Yadav passes away, family mourns uttarpradesh news hindi news khabargali

लखनऊ (खबरगली) यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह 38 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। हालांकि उनकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के समर्थकों में शोक की लहर है।

प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह 38 साल के थे। लखनऊ के सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने प्रतीक यादव की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली थी कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम उनके आवास पहुंची। 

डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि जब डॉक्टर मौके पर पहुंचे तो उनकी हालत बेहद गंभीर थी। उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद सुबह 5:55 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

प्रतीक यादव लंबे समय तक लो प्रोफाइल रहे। वह अक्सर अपनी फिटनेस और लाइफस्टाइल को लेकर चर्चाओं में रहे। प्रतीक यादव को जिम का शौक था। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम चलाते थे और फिटनेस बिजनेस में उनकी खास पहचान थी।