नीतीश ने इस्तीफा सौंपा..अब आरजेडी व कांग्रेस के साथ महागठबंधन की बनेगी नई सरकार

Bihar, JDU, BJP alliance, National Democratic Alliance, NDA, Nitish Kumar, RJD, Congress, new government, Tejashwi Yadav, Lalu Yadav, Khabargali

 मंत्रिमंडल का फार्मूला तय, तेजस्‍वी बनेंगे उपमुख्‍यमंत्री

पटना / नई दिल्ली (khabargali) बिहार में जेडीयू और बीजेपी का गठबंधन राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) टूट गया है। अब नीतीश कुमार आरजेडी व कांग्रेस के साथ महागठबंधन की नई सरकार बनाएंगे। नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे। नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। नीतीश कुमार ने 160 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपकर सरकार बनाने का दावा किया है। इसके पहले जनता दल यूनाइटेड के अध्‍यक्ष ललन सिंह तथा जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्‍यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जेडीयू के नए गठबंधन में जाने की घोषणा कर दी थी।

राबड़ी आवास पहुंचे नीतीश

इस बीच बड़ी खबर यह है कि महागठबंधन की नई नीतीश सरकार में दो उपमुख्‍यमंत्री रहेंगे। इनमें आरजेडी से तेजस्‍वी यादव का नाम तय है। राज्यपाल से मिलने के बाद नीतीश कुमार सीधे राबड़ी आवास पहुंचे। राबड़ी आवास पर इस वक्त तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।

नीतीश को नेता माना : कॉंग्रेस

कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि महागठबंधन ने नीतीश कुमार को नेता मान लिया है। महागठबंधन के साथ मुख्यमंत्री की बैठक होगी। शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को होगा।

जेडीयू की बैठक में बीजेपी पर हमला बोला

जेडीयू की बैठक में नीतीश कुमार ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। नीतीश कुमार ने कहा कि बीजेपी ने हमें खत्म करने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हमेशा अपमानित किया है।

लालू की बेटी रोहिणी का ट्वीट चर्चा में

बिहार में सत्ताधारी गठबंधन में उठापटक की खबरों के बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ट्वीट कर कहा है कि राजतिलक की करो तैयारी आ रहे हैं , लालटेन धारी ...

बिहार भाजपा कोर ग्रुप की आज शाम बैठक

बिहार भाजपा कोर ग्रुप मंगलवार शाम को राज्य में उभरती राजनीतिक स्थिति का जायजा लेने के लिए बैठक करेगा। बिहार भाजपा प्रमुख संजय जायसवाल के बैठक की अध्यक्षता करने की उम्मीद है। इसमें दोनों उप-मुख्यमंत्रियों, पूर्व राज्य पार्टी अध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के भाग लेने की संभावना है। बैठक में शामिल होने के लिए पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और अश्विनी चौबे और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद , सुशील मोदी, शाहनवाज हुसैन समेत कई नेता राष्ट्रीय राजधानी से पटना के लिए रवाना हो गए हैं।

भाजपा ने कहा, नीतीश ने बिहार की जनता को धोखा दिया

बिहार भाजपा प्रमुख संजय जायसवाल ने कहा- नीतीश कुमार ने जनमत के साथ खिलवाड़ किया। नीतीश ने बिहार की जनता को धोखा दिया है।

नीतीश कुमार की साख शून्य हुई : चिराग

लोजपा नेता (रामविलास गुट) के चिराग पासवान बोले -आज नीतीश कुमार की साख शून्य हो गई है। हम चाहते हैं कि बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू हो और राज्य को नए सिरे से जनादेश देना चाहिए। आपकी (नीतीश कुमार) कोई विचारधारा है या नहीं? अगले चुनाव में जदयू को शून्य सीटें मिलेगी।