रायपुर में देर रात से झमाझम बारिश, कई इलाके हुए जलमग्न

 Heavy rain since late night in Raipur; several areas inundated chhattisgarh hindi  news khabargali

रायपुर(खबरगली) प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश हो रही है।बस्तर संभाग के बड़े बचेली में पिछले तीन दिनों से भारी से अतिभारी बारिश हो रही हैं। प्रदेश के कई इलाकों में मूसलाधार पानी गिर रहा है। इससे बारिश की कमी कुछ हद तक दूर हुई हैं।

इन दिनों हो रही व्यापक बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। कई इलाकों में किसान पहले ही धान की बुआई कर चुके हैं। कई स्थानों पर अभी बुआई कर रहे हैं। कुछ इलाकों में रोपाई भी चल रही है, जहां बोर से पानी की व्यवस्था है। जून में खास बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई थी। उन्हें चिंता थी कि पहले से बोए धान का बीज खराब न हो जाए।

पहली झमाझम से ही निगम के दावों की खुली पोल

मानसून की पहली झमाझम बारिश ने ही नगर निगम की सफाई व्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है। मुख्य मार्गों से लेकर बस्तियों तक की नालियां चोक होने की वजह से सड़कें लबालब हो गईं और वाहनों के पहिए पूरी तरह डूबकर निकले। सबसे बदतर स्थिति नर्मदापारा गुढ़ियारी अंडरब्रिज की रही, जहां जलभराव के कारण काफी देर तक दोनों तरफ से आवाजाही पूरी तरह बंद रही। हर साल की तरह इस बार भी नगर निगम का वॉटर ड्रेनेज सिस्टम पहली ही बारिश में फेल साबित हुआ, वह भी तब जब खुद महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा लगातार नालों का जायजा ले रहे थे। 

Category