रायपुर (खबरगली ) सिख समाज की सर्वोच्च संस्था, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी अपने प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राजधानी रायपुर स्थित राज्य अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय पहुंचे। इस गरिमामय अवसर पर उनके साथ धर्म प्रचार कमेटी (अमृतसर) के श्री बलविंदर सिंह कालरा और ओएसडी श्री सतबीर सिंह भी उपस्थित रहे।
स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मान
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। सम्मान स्वरूप उन्होंने एडवोकेट धामी को श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) की सुंदर प्रतिकृति भेंट की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सिख फोरम के अध्यक्ष श्री बलदेव सिंह भाटिया, श्री जी. एस. भामरा और श्री जगजीत सिंह खनूजा सहित समाज के कई प्रमुख जन मौजूद रहे।
कल्याणकारी योजनाओं और 'हुनर का लंगर' पर चर्चा
मुलाकात के दौरान श्री छाबड़ा ने एडवोकेट धामी के साथ प्रदेश में संचालित अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य 'वीर बाल रैली' और प्रदेशभर के कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। विशेष रूप से युवाओं के कौशल विकास के लिए “हुनर का लंगर” अभियान को आगामी दिनों में और व्यापक स्तर पर विस्तार देने पर सकारात्मक विमर्श हुआ।
खिलाड़ियों और प्रतिभाओं का बढ़ा मान
इस अवसर पर राष्ट्रीय खेल 'गतका' में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राजवीर सिंह व अन्य विजेताओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मनतृप्त कौर संधू का भी विशेष अभिनंदन किया गया। आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता और सिख समाज की उन्नति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। अल्पसंख्यक आयोग भविष्य में भी समुदाय की प्रतिभाओं और वरिष्ठ जनों का इसी प्रकार सम्मान करता रहेगा ताकि समाज में सद्भावना और उत्साह का वातावरण बना रहे।
- Log in to post comments