रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (State Administrative Service) के अधिकारियों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश में 19 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में कई नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), अपर कलेक्टर और विभागीय अधिकारियों की पदस्थापना बदली गई है।
जारी आदेश के अनुसार इन्द्रजीत बर्मन को जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से हटाकर स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय, नवा रायपुर में अपर संचालक बनाया गया है। वहीं राजीव कुमार पाण्डेय को भिलाई नगर निगम आयुक्त के पद से स्थानांतरित कर उच्च शिक्षा संचालनालय में अपर संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह भारती चंद्राकर को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पंचायत के CEO पद से हटाकर मार्कफेड में अतिरिक्त प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। दिनेश कुमार नाग को कोरबा जिला पंचायत के CEO पद से हटाकर छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन का महाप्रबंधक बनाया गया है, जबकि नयनतारा सिंह तोमर को बलरामपुर-रामानुजगंज जिला पंचायत से चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में अपर संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार ने कई जिलों के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारियों में भी बदलाव किया है। गोकुल राम रावटे को जांजगीर-चांपा से मुंगेली, आशुतोष चतुर्वेदी को कोरिया से बलरामपुर-रामानुजगंज, अभिषेक कुमार गुप्ता को बलौदाबाजार के अपर कलेक्टर पद से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पंचायत का CEO बनाया गया है। वहीं प्रभाकर पाण्डेय को संयुक्त संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग में पदस्थ किया गया है।
आदेश के तहत अरुण कुमार वर्मा को उत्तर बस्तर कांकेर के अपर कलेक्टर से धमतरी नगर निगम आयुक्त, ऋषिकेश तिवारी को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पंचायत का CEO, विनय कुमार पोयाम को जांजगीर-चांपा जिला पंचायत का CEO तथा योगेंद्र श्रीवास को कोरिया जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा अतुल विश्वकर्मा को राजनांदगांव नगर निगम आयुक्त पद से हटाकर भू-अभिलेख कार्यालय में संयुक्त आयुक्त बनाया गया है। जी.आर. मरकाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अपर कलेक्टर से राजनांदगांव नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रामप्रसाद आंचला को चिरमिरी नगर निगम आयुक्त से कबीरधाम कलेक्टर कार्यालय में प्रवर श्रेणी पद पर पदस्थ किया गया है, जबकि विजयेन्द्र सिंह को चिरमिरी नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है। राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभिन्न विभागों और स्थानीय निकायों में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
- Log in to post comments