रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य में सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जमकर बारिश हुई, जिसके चलते कई शहरों के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। राज्य की प्रमुख नदियां शिवनाथ और खारून लगातार बारिश के कारण उफान पर हैं। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
शनिवार से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। इसका सबसे ज्यादा असर रायपुर, दुर्ग, भिलाई, धमतरी, गरियाबंद और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला है। कई रिहायशी इलाकों और सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी रायपुर के टाटीबंध, प्रोफेसर कॉलोनी, परशुराम नगर और फाफाडीह जैसे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है।
- Log in to post comments