रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ के रायपुर में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई बाधित होने के बाद हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि 300 से ज्यादा पंपों पर फ्यूल की कमी की स्थिति सामने आई है। लोगों में इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई है कि आने वाले दिनों में ईंधन संकट और गहरा सकता है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने की अपील और वीआईपी काफिलों में कटौती की चर्चा के बाद लोगों में घबराहट बढ़ी, जिसके चलते पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर लोगों ने जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाना शुरू कर दिया, जिससे सप्लाई चेन पर अतिरिक्त दबाव पड़ गया।
रायपुर में कई पेट्रोल पंपों पर खत्म हुआ स्टॉक
राजधानी रायपुर में बुधवार देर रात तक कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। हालात ऐसे बन गए कि कई पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। गुरुवार सुबह भी बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे।
सबसे ज्यादा असर सरोना, भाठागांव, विधानसभा रोड, देवेंद्र नगर और जयस्तंभ चौक जैसे इलाकों में देखने को मिला। एचपी और इंडियन ऑयल के कई पंपों पर समय पर सप्लाई नहीं पहुंचने से स्थिति और बिगड़ गई। कुछ पंप संचालकों ने सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल देना शुरू कर दिया।
बस्तर और ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ी परेशानी
फ्यूल सप्लाई प्रभावित होने का असर सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं रहा। बस्तर संभाग और ग्रामीण क्षेत्रों से भी पेट्रोल पंप बंद होने और सप्लाई बाधित होने की खबरें सामने आई हैं। कई गांवों में वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ लोगों को बिना फ्यूल के वापस लौटना पड़ा। परिवहन सेवाओं और छोटे व्यवसायों पर भी इसका असर पड़ने लगा है।
- Log in to post comments