रायपुर (खबरगली) राजेंद्र नगर इलाके में निर्माणाधीन मकान की पानी टंकी में गिरने से एक डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। राजेंद्र नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। बच्चा अपने माता-पिता का इकलौती संतान था। पुलिस के मुताबिक अमलीडीह के साहूपारा गली नंबर-1 में रोहित साहू का मकान बन रहा है। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। केवल फिनिंश का काम चल रहा है। रविवार को रोहित और उसकी पत्नी काम पर चले गए थे।
घर में उसकी मां श्यामा बाई और उनका डेढ़ साल का बेटा ईराज साहू थे। सुबह करीब 11.30 बजे ईराज अपनी दादी श्यामा बाई के पास खेल रहा था। उसकी दादी थोड़ी देर के लिए दूसरे कमरे में गई। इसी दौरान बालक खेलते-खेलते बेसमेंट में बने पानी की टंकी में गिर गया। उसकी दादी पहुंची, तो बच्चा दिखा नहीं। वह मकान के बाहर ढूंढने लगी। मकान में काम कर रहे मजदूरों से भी पूछताछ की। किसी से भी पता नहीं चल पाया। करीब करीब एक घंटे बाद सभी का ध्यान पानी की टंकी में गया। उसमें बच्चा डूबा हुआ मिला। उसे तत्काल बाहर निकालकर सभी अंबेडकर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
टंकी में ढक्कन होता, तो नहीं होता हादसा
रोहित संयुक्त परिवार में रहते हैं। वह मंझला है। निर्माणाधीन मकान के एक हिस्से में रहते हैं। बेसमेंट में करीब साढ़े 6 फीट गहरी पानी टंकी बनी है। केवल उसमें ढक्कन नहीं लगा पाए हैं। इस कारण बालक खेलते-खेलते इसमें जा गिरा। टंकी में पानी भरा था। इसमें डूबने से बालक की मौत हो गई। घटना से पूरा परिवार सदमे हैं।
दादी के नहीं थम रहे आंसू
घटना के बाद से बालक की दादी श्यामा बाई की आंखों से आंसू नहीं थम रहे हैं। वह रह-रह कर दहाड़ मार कर रोती है। वह दिनभर बच्चे को खिला रही थी। घटना से चंद मिनट पहले वह दूसरे कमरे की ओर गई थी। इतनी देर में बच्चा खेलते-खेलते टंकी में जा गिरा।
- Log in to post comments