रायपुर (खबरगली) रायपुर के जंगल सफारी के पास स्थित वनस्पति पार्क (बॉटनिकल गार्डन) और नंदनवन चिड़ियाघर के संचालन में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। वन विभाग इन दोनों प्रमुख पर्यटन स्थलों के संचालन के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल अपनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत निजी कंपनियों को संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ इन स्थलों का आधुनिक विकास किया जा सके।
वन विभाग ने इस परियोजना के लिए निवेशकों को आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग जल्द ही निविदा (टेंडर) जारी करेगा। इच्छुक निवेशकों को दोनों स्थलों का निरीक्षण कराया जाएगा, ताकि वे वहां की मौजूदा व्यवस्थाओं को समझ सकें और नियम एवं शर्तों का अध्ययन करने के बाद संचालन की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकें।
योजना के तहत बॉटनिकल गार्डन और नंदनवन में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा सकता है। इसमें बेहतर विजिटर मैनेजमेंट, स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग, खानपान, सूचना केंद्र, बच्चों के लिए मनोरंजन क्षेत्र, डिजिटल टिकटिंग और अन्य आधुनिक सुविधाओं को शामिल किए जाने की संभावना है। इससे पर्यटकों का अनुभव पहले से अधिक बेहतर होगा।
- Log in to post comments