रायपुर (खबरगली) स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के लगेज में AK-47 का जिंदा कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। लगेज स्कैनिंग के दौरान कारतूस नजर आने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने यात्री को रोककर पूछताछ की। जांच में पता चला कि यात्री पूर्व सैनिक है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व फौजी अपनी बेटी की शादी के बाद परिवार के साथ बेंगलुरु जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। सुरक्षा जांच के दौरान उसके सूटकेस में कारतूस मिलने के बाद अधिकारियों ने उससे पूछताछ की।
सामान में गलती से रह गया था कारतूस
पूछताछ में पूर्व सैनिक ने कारतूस गलती से सामान में रह जाने की बात कही। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कारतूस को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू की।
बताया गया कि जांच में मानवीय त्रुटि की बात सामने आने के बाद फिलहाल कैंप पुलिस ने मामले में केस दर्ज नहीं किया है। हालांकि, कारतूस यात्री के पास कैसे पहुंचा और उसके लगेज में कैसे रह गया, इसे लेकर आवश्यक जांच की गई।
सुरक्षा जांच में पकड़ा गया कारतूस
एयरपोर्ट पर लगेज की स्कैनिंग के दौरान कारतूस की पहचान हुई, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रक्रिया के तहत यात्री को रोककर पूछताछ की गई। कारतूस जब्त किए जाने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने जांच की।
- Log in to post comments
