रायपुर(खबरगली) रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट लगातार आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा है। अब हवाई यात्रियों को सफर के दौरान एक नई और अनोखी सुविधा मिलने जा रही है। एयरपोर्ट पर पहली बार 'फ्लाब्रेरी की शुरुआत की गई है, जहां यात्री अपनी पसंद की किताबें निशुल्क पढ़ने के लिए ले सकेंगे। खास बात यह है कि इन पुस्तकों को यात्री अपने घर भी ले जा सकते हैं और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।
एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया
स्वामी विवेकानंद विमानतल के निदेशक योगेश नगाइच ने बताया कि पिछले आठ महीनों से एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण पर तेजी से काम किया जा रहा है। फ्लाब्रेरी में हास्य-व्यंग्य, पर्यटन, मनोरंजन, प्रेरक साहित्य और महापुरुषों की जीवनी सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों का सफर अधिक रोचक और ज्ञानवर्धक बन सके।
पार्किंग विवाद खत्म करने के लिए तीन लेन की व्यवस्था
एयरपोर्ट पर पार्किंग को लेकर होने वाली परेशानियों और विवादों को खत्म करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब पार्किंग में तीन अलग-अलग लेन बनाई गई हैं। पहली लेन फास्टैग से भुगतान करने वाले वाहनों के लिए, दूसरी नकद भुगतान करने वालों के लिए और तीसरी कमर्शियल वाहनों के लिए निर्धारित की गई है। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी।
चौथा एयरोब्रिज जल्द होगा शुरू
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर चौथे एयरोब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निदेशक ने बताया कि सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब इंस्टॉलेशन के लिए बेस तैयार किया जा रहा है। निर्माण पूरा होते ही इसे यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा, जिससे बोर्डिंग और डिबोर्डिंग की सुविधा पहले से अधिक आसान हो जाएगी।
- Log in to post comments