रायपुर में ज्वेलरी शॉप के मैनेजर पर तलवार से हमला, एक करोड़ के जेवरात लेकर लुटेरे फरार

Jewellery shop manager attacked with sword in Raipur, robbers flee with jewellery worth Rs 1 crore raipur chhattisgarh hindi news khabargali

रायपुर (खबरगली)  राजधानी रायपुर से लगे खरोरा इलाके में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप के मैनेजर पर हमला कर लाखों के जेवरात से भरा बैग लूट लिया। जानकारी के मुताबिक 65 वर्षीय मैनेजर टीकाराम शर्मा, जो महावीर ज्वेलर्स की (Raipur Loot) नरदहा स्थित ब्रांच का काम संभालते हैं, रोजाना की तरह दुकान बंद कर खरोरा लौट रहे थे। इसी दौरान तिल्दाडीह गांव के पास बारिश से बचने के लिए वे पेड़ के नीचे रुके।

बारिश हल्की होने पर जैसे ही वे आगे बढ़े, पीछे से अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर पर वार किया। पहले उन्होंने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन कुछ दूरी आगे बढ़ने पर दोबारा हमला हुआ, जिससे वे बाइक समेत गिर पड़े। इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाश उनका बैग लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार बैग में करीब 350 ग्राम सोना, 10 किलो चांदी और नगदी रखी थी, जिसकी कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद घायल मैनेजर ने अपने रिश्तेदार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सभी एंगल से जांच जारी है।
 

Related Articles