जांजगीर-चांपा (खबरगली) जांजगीर-चांपा के अकलतरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बनाहिल में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने किराए के मकान सह दुकान में जलता हुआ डेटोनेटर फेंक दिया।
इस हमले में संचालक भूपेंद्र साहू बाल-बाल बच गए, हालांकि विस्फोट की तीव्रता से दुकान का सारा सामान चकनाचूर हो गया। घटना रात करीब 11 बजे की है। ग्राम धरदेई निवासी भूपेंद्र साहू, जो बनाहिल में वेदान्त सर्विस नाम से सीएससी सेंटर चलाते हैं, दुकान के पीछे बने कमरे में सो रहे थे।
शटर की आवाज सुनकर जब वे दुकान में आए, तो वहां धुआं भरा था और रस्सी जैसी कोई चीज जल रही थी। भूपेंद्र ने सूझबूझ दिखाते हुए उस जलते हुए डेटोनेटर को उठाकर तुरंत बाहर फेंका। फेंकते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे दुकान के कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर और फर्नीचर के परखच्चे उड़ गए। धमाके की चपेट में आने से भूपेंद्र के बाएं पैर में हल्की चोट आई है।
पुलिस की कार्रवाई और दहशत
सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी पारस पटेल के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि उन्हें यह प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री कहां से मिली।
क्या है डेटोनेटर
डेटोनेटर एक अत्यंत संवेदनशील विस्फोटक कैप है, जिसका उपयोग खदानों में भारी पत्थरों को तोड़ने के लिए किया जाता है। यदि यह मकान के भीतर फटता, तो जनहानि निश्चित थी। इस घटना के बाद से शांत इलाके में दहशत का माहौल है।
- Log in to post comments