भारतीय डाक विभाग में 23,757 पदों पर निकली सीधी भर्ती, 10वीं पास बिना परीक्षा करें आवेदन

Direct recruitment for 23,757 posts in the Department of Posts; 10th-pass candidates can apply without an exam. Latest news hindi news khabargali

नई दिल्ली (खबरगली) सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए डाक विभाग ने बड़ा अवसर खोला है। भारतीय डाक विभाग (India Post) ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के 23,757 पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन बिना किसी लिखित परीक्षा के, केवल 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 19 सितंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म जमा कर सकते हैं।

श्रेणीवार पदों का विवरण और चयन प्रक्रिया

डाक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 23,757 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें अनारक्षित (सामान्य) वर्ग के लिए सबसे अधिक 10,640 पद रखे गए हैं। आवेदन फॉर्म में त्रुटि सुधार के लिए विभाग 23 और 24 सितंबर को विंडो खोलेगा।

सामान्य (UR): 10,640 पद

अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 4,433 पद

अनुसूचित जाति (SC): 3,082 पद

अनुसूचित जनजाति (ST): 2,773 पद

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 2,160 पद

दिव्यांग वर्ग (PwD-A, B, C, DE): 669 पद

योग्य अभ्यर्थियों का चयन केवल मैट्रिक (10वीं) के प्राप्तांकों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची के जरिए होगा। मेरिट में स्थान पाने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण में दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए बुलाया जाएगा।

घर बैठे ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

उम्मीदवारों को किसी भी जन सेवा केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं है, वे घर बैठे निम्नलिखित चरणों का पालन करके आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं:

1. भारतीय डाक विभाग के आधिकारिक पोर्टल indiapostgdsonline.gov.in पर जाएं।

2. होमपेज पर मौजूद ‘Click Here to Register’ लिंक पर क्लिक करें।

3. अपना मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, नाम, और शैक्षणिक योग्यता दर्ज करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें।

4. मांगे गए सभी जरूरी कागजात (10वीं की मार्कशीट, फोटो, हस्ताक्षर) स्कैन करके अपलोड करें।

5. फॉर्म सबमिट करने के बाद अंतिम प्रिंट आउट सुरक्षित निकाल लें।