सी-सेक्शन के सिर्फ 4 महीने बाद जिम जॉइन कर खुद को किया फिट, 40 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ जीता खिताब
रायपुर (खबरगली ) सपने देखना आसान है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए साहस, मेहनत और लगातार खुद को बेहतर बनाने का जज्बा चाहिए। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की डॉ. नैनी तिवारी ने इसी सोच को अपनी कामयाबी की कहानी बना दिया है। इंदौर में आयोजित Miss & Mrs India Universe Season-7 2026 के ग्रैंड फिनाले में नैनी तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘Mrs India World Winner 2026’ का खिताब अपने नाम किया। नैनी की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह महज 10 माह के बेटे की मां हैं। बच्चे के जन्म के बाद सी-सेक्शन के सिर्फ चार महीने में उन्होंने जिम जॉइन कर अपनी फिटनेस पर काम शुरू किया और खुद को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया।
इंदौर में हुआ Miss & Mrs India Universe Season-7 का ग्रैंड फिनाले
देशभर से प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
7 सितंबर 2026 को मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित होटल जॉर्डन में VMS द्वारा Miss & Mrs India Universe Season-7 का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन में Miss और Mrs कैटेगरी के साथ टीनएज मॉडल्स को भी शामिल किया गया। इसके अलावा हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज के लिए ऑडिशन भी आयोजित किए गए, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन VM Management and Securtas, रायपुर के फाउंडर एवं CEO जितेंद्र सिंह चौधरी और ऑर्गनाइजर कविता सिंह की टीम द्वारा किया गया।
इंट्रोडक्शन से लेकर प्रश्न-उत्तर तक, कई राउंड में हुआ मुकाबला
नैनी ने आत्मविश्वास और प्रतिभा से बनाई अलग पहचान
ब्यूटी कॉन्टेस्ट में प्रतिभागियों को कई अलग-अलग राउंड से गुजरना पड़ा। इनमें इंट्रोडक्शन राउंड, टैलेंट राउंड, क्रिएटिविटी राउंड, प्रश्न-उत्तर राउंड, इवनिंग गाउन वॉक और बॉडीकॉन ड्रेस वॉक सहित कई चरण शामिल रहे। नैनी तिवारी ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा से निर्णायकों के सामने अपनी अलग पहचान बनाई। अपने इंट्रोडक्शन के दौरान उन्होंने अपनी सोच और व्यक्तित्व को शायरी के जरिए बेहद खूबसूरत अंदाज में पेश किया—
“नजर में आत्मविश्वास और चेहरे पर मुस्कान रखती हूं, मैं अपने हर ख्वाब अपने दिल के पास रखती हूं। सादगी मेरी खूबसूरती और मेहनत मेरी पहचान है, मैं अपनी मंजिल पाने हौसलों की उड़ान रखती हूं।”
इसके बाद नैनी ने अपने परिचय के अंत में कहा—“मैं नैनी अपने सपनों पर विश्वास रखती हूं और उन सपनों को पूरा करने का साहस भी रखती हूं।” यही आत्मविश्वास उनके प्रदर्शन में भी नजर आया और उन्होंने फाइनल मुकाबले में अपनी जगह बनाते हुए विजेता का खिताब हासिल किया।
‘Beauty With Brain’ नैनी की बहुमुखी प्रतिभा
शिक्षिका से लेकर अभिनेत्री और लेखिका तक का सफर
नैनी तिवारी केवल ब्यूटी कॉन्टेस्ट विजेता ही नहीं हैं, बल्कि वह एक शिक्षिका, अभिनेत्री, कवयित्री, लेखिका, एंकर और सिंगर के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह पीएचडी होल्डर हैं और इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम कर चुकी हैं। नैनी को इससे पहले ‘Beauty With Brain’ का अवार्ड भी मिल चुका है। एक लेखिका के रूप में उनकी सात किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें गुमगश्ता, गुफ्तगू, गुजारिश, पाकीजगी, प्रकाशपुंज, मयकदा और ‘श्रद्धांजलि-एक मार्मिक अनुभूति’ शामिल हैं।
सी-सेक्शन के बाद फिटनेस बनी सबसे बड़ी चुनौती
चार महीने में जिम शुरू कर कायम की मिसाल
नैनी ने बताया कि उन्हें शारीरिक रूप से फिट रहना पसंद है। प्रतियोगिता की तैयारी उनके लिए आसान नहीं थी, खासकर बच्चे के जन्म और सी-सेक्शन के बाद। उन्होंने बताया कि सी-सेक्शन के करीब चार महीने बाद ही उन्होंने जिम जॉइन किया और सर्जरी के बाद बढ़े फैट को नियंत्रित करने के लिए नियमित मेहनत की। इस दौरान उनके जिम ट्रेनर गौरव ने भी उनका पूरा सहयोग किया। नैनी का कहना है कि किसी भी महिला के लिए मां बनने के बाद अपने सपनों को जारी रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग से मुश्किल रास्ते भी आसान बनाए जा सकते हैं।
महिलाओं के लिए प्रेरणा बनीं नैनी तिवारी
40 प्रतिभागियों के बीच मुकाबले में विजेता बनकर लौटीं नैनी तिवारी की कहानी सिर्फ एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतने की कहानी नहीं है। यह मां बनने के बाद भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने वाली महिला के संघर्ष और आत्मविश्वास की कहानी है। एक जिम्मेदार मां और पत्नी की भूमिका निभाने के साथ अपने पेशेवर और रचनात्मक जीवन को आगे बढ़ाते हुए नैनी ने साबित किया है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण हों, अगर लक्ष्य स्पष्ट हो तो सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है। उनकी उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का विषय है और उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो परिवार और जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को कहीं पीछे छोड़ देती हैं।
- Log in to post comments
