कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार, 34 सौ करोड़ का शराब घोटाला मामला

 Congress leader Ramgopal Agarwal arrested in ₹3,400 crore liquor scam case. raipur chhattisgarh big news khabargali

रायपुर (खबरगली) ईडी ने 34 सौ करोड़ के शराब घोटाला केस में प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि जांच एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए स्थानीय अदालत में पेश करने की तैयारी की है। रामगोपाल अग्रवाल ने पिछले महीने ईओडब्ल्यू-एसीबी दफ्तर में सरेंडर किया था। 

जानकारी के मुताबिक, शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसी लंबे समय से रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका की जांच कर रही थी। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर एजेंसी ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद अब ईडी उनसे घोटाले से जुड़े लेन-देन, कथित नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर सकती है।

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में जांच एजेंसियां कथित तौर पर सरकारी शराब कारोबार में अनियमितताओं, अवैध वसूली और पैसों के लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं। एजेंसियों का आरोप है कि शराब कारोबार में एक संगठित नेटवर्क के जरिए बड़ी रकम का लेन-देन हुआ। 

ईडी इस मामले में पहले भी कई लोगों से पूछताछ और कार्रवाई कर चुकी है। अब रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है। अदालत में पेशी के दौरान ईडी उनकी रिमांड की मांग कर सकती है, जिसके बाद पूछताछ में मामले से जुड़े नए नाम और लेन-देन सामने आने की संभावना है।

Category