रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में जूनियर डॉक्टर के साथ गाली-गलौज और धक्कामुक्की की घटना सामने आने के बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA), छत्तीसगढ़ ने घटना की कड़ी निंदा की है। JDA के अध्यक्ष डॉ. पीयूष पी. श्रीवास्तव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी।
इंटर्न डॉक्टर के साथ गाली-गलौज और धक्कामुक्की
JDA के अनुसार, इंटर्न डॉक्टर डॉ. साक्षी कन्नौजे के साथ एक अटेंडर द्वारा गाली-गलौज एवं धक्कामुक्की की गई। डॉक्टर को बचाने के लिए मौके पर पहुंची महिला सुरक्षा गार्ड के साथ भी अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धक्कामुक्की की गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में स्थिति को संभालने के लिए अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा अधीक्षक ने तत्काल हस्तक्षेप किया।
संबंधित अटेंडर ने लिखित में मांगी माफी
JDA ने बताया कि घटना के बाद संबंधित अटेंडर ने लिखित रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। वहीं, इस मामले में डॉ. साक्षी कन्नौजे की ओर से फिलहाल कोई FIR अथवा लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर JDA का जोर
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। अस्पताल में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा कर्मचारी और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मरीजों के उपचार एवं देखभाल के लिए काम करते हैं। ऐसे में उनके लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण बेहद जरूरी है।
विवाद बढ़ाना नहीं, सुरक्षित माहौल बनाना उद्देश्य
JDA ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी विवाद को बढ़ाना नहीं है। बल्कि अस्पताल में डॉक्टरों एवं सभी स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित और भयमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है। JDA ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, गाली-गलौज अथवा अभद्र व्यवहार से कार्यस्थल का माहौल प्रभावित होता है। इसलिए सभी पक्षों से संयम और सहयोग की अपेक्षा है।
JDA अध्यक्ष डॉ. पीयूष पी. श्रीवास्तव ने दी जानकारी
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA), छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. पीयूष पी. श्रीवास्तव ने प्रेस रिलीज के माध्यम से घटना की जानकारी साझा की और संगठन का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करना JDA की प्राथमिकता है।
- Log in to post comments
