चलती बस का टायर फटा, हादसे में 15 यात्री घायल, चालक बस में फंसा

 A tire on a moving bus burst; 15 passengers were injured in the incident, and the driver became trapped inside the bus

सूरजपुर (खबरगली)  सूरजपुर जिले में यात्रियों से भरी एक बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। प्रतापपुर के शिवपुर मोड़ के पास चलती बस का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 15 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं बस चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बस का हिस्सा काटकर बाहर निकाला गया।

अचानक बस का टायर फटा 

जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब यात्री बस अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर बिहार के सासाराम की ओर जा रही थी। बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। इसी दौरान प्रतापपुर क्षेत्र में शिवपुर मोड़ के पास अचानक बस का टायर फट गया। तेज आवाज के साथ टायर फटने से चालक घबरा गया और बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की लेकिन बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

दुर्घटना होते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घायल हो गए और बस के अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।


 

Category