रायपुर (खबरगली) रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर सोमवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब पेट्रोल भरवाने के कुछ ही दूरी पर कई वाहन अचानक बंद हो गए। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में गिने जाने वाले तेलीबांधा में हुई इस घटना से वाहन चालकों में अफरा-तफरी फैल गई और देखते ही देखते पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कई वाहन चालकों ने पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद कुछ दूरी तय की ही थी कि उनकी गाड़ियां झटके खाने लगीं और फिर बंद हो गईं। शुरुआत में लोगों ने इसे वाहन की सामान्य खराबी समझा, लेकिन जब एक के बाद एक कई गाड़ियों में यही समस्या सामने आई तो संदेह गहराने लगा। वाहन चालकों ने गाड़ियों को मैकेनिक के पास पहुंचाया, जहां जांच में पेट्रोल टैंक में भारी मात्रा में पानी मौजूद होने की बात सामने आई।
यह जानकारी मिलते ही प्रभावित ग्राहक सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गए और वहां जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि खराब ईंधन के कारण उनकी गाड़ियां बंद हुईं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। बढ़ते विरोध और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पेट्रोल पंप प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से संबंधित डिस्पेंसर से पेट्रोल की सप्लाई रोक दी।
- Log in to post comments