पीएम मोदी मणिपुर क्यों नहीं जाते हैं - खरगे

Trust Conference, Rajnandgaon, National President of Congress Mallikarjun Kharge, Chhattisgarh, Khabargali

हम कांग्रेस के लोग डरते तो इंदिरा -राजीव अपनी जान नहीं देते

मुख्यमंत्री बघेल और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने जिस तरह से काम किया है, वो अभूतपूर्व है - खरग़े

राजनांदगांव के पुरोधाओं का किया स्मरण

राजनांदगांव (khabargali) भरोसे का सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरग़े ने अपने सम्बोधन की शुरुआत जय जोहार से किया। इस दौरान उन्होंने राजनांदगांव जिले के पुरोधाओं का स्मरण किया। इसके साथ ही गुरु घासीदास, शहीद वीरनारायण सिंह को भी नमन किया। खरगे ने राजनांदगांव में कहा कि मैं किसी के धर्म के बारे में बोलने यहां नही आया हूं। धर्म और पॉलिटिक्स अलग चीज हैं। इसे मिक्स करने की जरूरत नहीं। मैं इस पर बहस नहीं करना चाहता। मणिपुर हिंसा को लेकर खरगे ने कहा कि मणिपुर हिंसा पर सरकार क्यों ध्यान नहीं देती। पीएम मोदी मणिपुर क्यों नहीं जाते हैं।

खरगे ने कहा, छत्तीसगढ़ के लोगों के आशीर्वाद से मैं कांग्रेस का राष्टीय अध्यक्ष चुना गया हूं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में ईडी-आइटी के छापे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, जब रायपुर में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ उसी दिन पार्टी के लोगों के यहां ईडी का छापा डाला गया। ये छापे कांग्रेस के लोगों को डराने के लिए मारा गया। लेकिन छत्तीसगढ़ के लोग डरने वाले नहीं है। अगर हम कांग्रेस के लोग डरते तो इंदिरा गांधी, राजीव गांधी अपनी जान नहीं देते।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का इतिहास बलिदान का है। यह सांप्रदायिक सद्भाव की धरती है। जांजगीर में मैं भरोसे का सम्मेलन में आया था। जांजगीर में मेडिकल कालेज का नामकरण मिनी माता के नाम से किया गया है। यहां शीघ्र ही मेडिकल कालेज आरंभ होगा। मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने जिस तरह से काम किया है। वो अभूतपूर्व है। जो भरोसा उन्होंने किया वो निभाया है।

खरग़े ने कहा कि ये गरीबों की, दलितों की, पिछड़े ही और किसानों की सरकार है। यहां के लोग बहुत मासूम हैं। अपने काम में मसरूफ रहते हैं। दूसरी बातों में इनको ध्यान नहीं रहता। गांधी जी कहते थे कि मैं ऐसे भारत का निर्माण करना चाहता हूँ जहां गरीब से गरीब आदमी भी महसूस करें कि देश उनका है। एक जमाना था जब बहुत कम धान किसानों का खरीदा जाता था। अब इस साल एक लाख सात हजार मीट्रिक टन धान खरीदा जा रहा है। 19 लाख किसानों का कृषि ऋण माफ किया गया। राजीव गांधी किसान न्याय योजना हमने लाई। इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंभ किये गये। लघु वनोपज हम लोग खरीद रहे हैं। आदिवासी भाईबहनों को वनाधिकार दिया गया।हमने बेरोजगारी भत्ता बढ़ाकर 2500 रुपए कर दिया। केंद्र सरकार ने भी छत्तीसगढ़ के मिलेट मिशन की बहुत तारीफ की। जितना अच्छा काम छत्तीसगढ़ में हो रहा है वो पहले कभी नहीं हुआ था। नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक 5 साल में 40 लाख लोग छत्तीसगढ़ में गरीबी से बाहर आये हैं।