पटाखों की फैक्ट्री में धमाके के बाद लगी आग, 21 मजदूरों की मौत

Fire broke out after explosion in a firecracker factory, 21 workers died latest News hindi News khabargali

डीसा (khabargali) गुजरात के बनासकांठा जिले में डीसा कस्बे के पास मंगलवार को एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने और इमारत के कुछ हिस्से ढहने से 21 लोगों की जान चली गई। चार लोग घायल हो गए। इनकी हालत स्थिर है। कलक्टर मिहिर पटेल ने बताया कि सुबह करीब 9:45 बजे फैक्ट्री में विस्फोट हुआ। इससे फैक्ट्री का स्लैब ढह गया। मलबे से 21 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

पटाखों की फैक्ट्री...

डीसा की उपमंडल मजिस्ट्रेट नेहा पांचाल के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में विस्फोट के कारण आग लगी और इमारत के कुछ हिस्से ढहने से कई लोग मलबे में दब गए। धमाके के बाद जैसे ही आग फैली, अफरा-तफरी मच गई। हादसा उस समय हुआ, जब फैक्ट्री में पटाखे बनाए जा रहे थे। पटाखों की सामग्री होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। मजदूरों के परिवार के सदस्य परिसर में रहते थे। वे भी मलबे में दब गए। डीसा नगरपालिका के दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

सभी मृतक मध्य प्रदेश के, मदद मिलेगी

सभी मृतक मजदूर मध्य प्रदेश के थे। मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि सरकार गुजरात सरकार से संपर्क में है। मृत श्रमिकों के परिवारों की मदद के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। बचाव कार्य में सहायता के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक टीम घटनास्थल पर मौजूद है।