पुलिस और जेलकर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट, इन 6 शहरो में मिलेगी सुविधा

Up to 50 percent discount on coaching fees for children of police and prison personnel  the facility will be available in these 6 cities khabargali

रायपुर (ख़बरगली)  पुलिस और जेल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को अब आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी कोचिंग संस्थानों में 30 से 50 प्रतिशत तक फीस में छूट मिलेगी। प्रभारी डीजीपी एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में कोचिंग संचालकों के साथ बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने छूट देने पर सहमति जताई है। प्रभारी डीजीपी ने बताया कि इस पहल से कर्मचारियों के बच्चों को संस्थाओं में कोचिंग फीस से राहत मिलेगी। यह सुविधा रायपुर, भिलाई, राजनांदगांव, रायगढ़, अंबिकापुर और बिलासपुर स्थित कोचिंग संस्थाओं में उपलब्ध कराई गई है।

छह शहरों में मिलेगी सुविधा

इस पहल के तहत प्रदेश के छह प्रमुख शहरों में संचालित कोचिंग संस्थानों में पुलिस और जेल विभाग के कर्मचारियों के बच्चों को रियायत का लाभ मिल सकेगा। इनमें रायपुर, भिलाई, राजनांदगांव, रायगढ़, अंबिकापुर और बिलासपुर शामिल हैं। इन शहरों में उपलब्ध कोचिंग संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कम फीस में कर सकेंगे।

आईआईटी और मेडिकल की तैयारी में मिलेगी मदद

आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को लंबे समय तक कोचिंग लेनी पड़ती है। निजी संस्थानों की फीस कई बार परिवारों के लिए आर्थिक बोझ बन जाती है। ऐसे में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट मिलने से कर्मचारियों के बच्चों को बेहतर कोचिंग और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक राहत

प्रभारी डीजीपी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि पुलिस और जेल विभाग के कर्मचारी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। कोचिंग फीस में छूट मिलने से कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

Category