रायपुर (खबरगली) सोने-चांदी के भाव में लगातार गिरावट बनी हुई है। इससे उन लोगों को काफी झटका लगा है, जिन्होंने दिवाली से पहले अधिक रेट में सोना-चांदी खरीदा था। राजधानी के सराफा मार्केट में भी इसका असर दिख रहा है। हालांकि रेट कम होने से शादी के सीजन में सोना-चांदी के जेवर खरीदने वालों के लिए अच्छा अवसर माना जा रहा है। लंबी अवधि के निवेश के लिए भी इसे एक मौका मान रहे हैं। सराफा कारोबारियों को भी शादी का सीजन होने के कारण सोने-चांदी की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
रायपुर में यह है रेट
राजधानी के सराफा मार्केट में शुक्रवार को 24 कैरेट सोना प्रति 10 ग्राम का भाव 1 लाख 28 हजार रुपए और चांदी प्रति किलो 1 लाख 56 हजार रुपए रहा। शनिवार-रविवार को भी यही रेट रहने की संभावना है।
लंबी अवधि के निवेशकों के लिए अवसर
सोने-चांदी के रेट कम होने को निवेश के लिए बेहतर अवसर माना जा रहा है। रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू का कहना है कि पिछले 10 महीनों में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली है। जनवरी 2026 में सोना लगभग 1.86 लाख प्रति 10 ग्राम था, जो वर्तमान में घटकर 1.28 लाख प्रति 10 ग्राम रह गया है। चांदी जनवरी 2026 में लगभग 4.20 लाख प्रति किलोग्राम थी, जो घटकर 1.56 लाख प्रति किलोग्राम रह गई है। उन्होंने कहा कि लंबी अवधि के लिए निवेश करने वालों के लिए यह अच्छा अवसर साबित हो सकता है।
- Log in to post comments
