संबलपुर (खबरगली)। छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने संबलपुर प्रवास के दौरान संबलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए स्वनिर्मित उत्पाद भेंट किए। धर्मेंद्र प्रधान ने इन उत्पादों की सराहना करते हुए दिव्यांगजनों की प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर की प्रशंसा की।
दिव्यांगजनों के हुनर और रचनात्मकता की धर्मेंद्र प्रधान ने की सराहना
भेंट के दौरान लोकेश कावड़िया ने छत्तीसगढ़ के दिव्यांगजनों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए सुंदर पुष्पगुच्छ, चॉकलेट और हर्बल साबुन धर्मेंद्र प्रधान को सप्रेम भेंट किए। दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित इन उत्पादों की गुणवत्ता, सुंदरता और रचनात्मकता देखकर धर्मेंद्र प्रधान ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने दिव्यांगजनों की प्रतिभा और कौशल की सराहना की।
दिव्यांगजनों द्वारा अपने हुनर के माध्यम से उपयोगी एवं आकर्षक उत्पाद तैयार करना उनके आत्मविश्वास, रचनात्मक क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस मुलाकात ने दिव्यांगजनों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उनके द्वारा तैयार उत्पादों को पहचान दिलाने के महत्व को भी रेखांकित किया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से भी हुई सौजन्य भेंट
संबलपुर प्रवास के दौरान दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम, छत्तीसगढ़ शासन के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से भी मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक डॉ. अग्रवाल ने उनका स्नेहपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया। दोनों मुलाकातों के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा। दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहन और उनके हुनर को सम्मान मिलना उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में सकारात्मक संदेश देता है।
- Log in to post comments
