120 भाषाओं में गाने वाली सुचेता ने 'ग्लोबल चाइल्ड प्रोडिजी अवॉर्ड' जीता

Global Child Prodigy Award Sucheta Satish UAE

12 साल की उम्र में 102 भाषाओं में 6 घंटा 15 मिनट तक लगातार गाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।

दुबई (khabargali ) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई शहर में रहने वाली 13 साल की भारतीय लड़की सुचेता सतीश को ग्लोबल चाइल्ड प्रॉडिजी अवा‌र्ड्स 2020 के लिए चुना गया है। सुचेता 120 भाषाओं में गा सकती हैं। उनकी इसी अद्भुत प्रतिभा के लिए उन्हें इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।  सुचेता समेत दुनियाभर के 100 प्रतिभाशाली बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों में यह पुरस्कार दिया जाएगा। सुचेता का नाम उस समय विश्व पटल पर उभरा था जब दो साल पहले उन्होंने दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में 102 भाषाओं में लगातार छह घंटे से ज्यादा समय तक गायन किया था। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम इंटरनेशनल फाउंडेशन और मशहूर संगीतकार एआर रहमान भी ग्लोबल चाइल्ड प्रॉडिजी अवार्ड के प्रायोजकों में शामिल हैं।

 वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना चुकी है

 सुचेता  के पिता टी. सी. सतीश ने बताया कि उसकी बेटी सुचेता सतीश (13) को दुबई इंडियन हाई स्कूल की कोकिला के रूप में जाना जाता है। उसने गायन श्रेणी में जीत हासिल की है।  सुचेता वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उसे दो कीर्तिमानों के लिए पुरस्कार दिया गया। एक कॉन्सर्ट में सर्वाधिक भाषाओं में गाने का कीर्तिमान बनाया और दूसरा रिकॉर्ड सबसे लंबे समय तक सीधे प्रसारण में गाने का था।  सुचेता ने ये कीर्तिमान बारह साल की उम्र में दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास के सभागार में बनाए थे जब उसने 102 भाषाओं में छह घंटे से अधिक समय तक गाया था।

अरबी भाषा में रिलीज किया दूसरा अल्बम ‘या हबीबी'

वर्तमान में सुचेता 12 भाषाओं में गा रही हैं और हाल ही में अरबी भाषा में अपना दूसरा एल्बम ‘या हबीबी' रिलीज किया है। सिंगिंग के साथ पढ़ाई जारी रखने के बारे पूछे गए सवाल पर सुचेता के पिता ने कहा कि उसने रोजाना रियाज करने का नियम बनाया है और ईश्वर की कृपा से बिना पढ़ाई को प्रभावित किए वह ऐसा कर पाती है।

जाने क्या है ग्लोबल चाइल्ड प्रोडिजी अवॉर्ड

यह अवॉर्ड नृत्य, संगीत, कला, लेखन, अभिनय, मॉडलिंग, विज्ञान, खेल आदि में बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने का एक मंच है। यह पुरस्कार डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंटरनेशनल फाउंडेशन और ऑस्कर पुरस्कार विजेता संगीत निर्माता एआर रहमान द्वारा समर्थित है। अवॉर्ड सेरेमनी दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित की गई जिसमें सुचेता के साथ 99 अन्य बच्चों को भी अलग-अलग कैटेगरी में अवॉर्ड दिए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी है।