रायपुर (खबरगली ) देशभर के कई राज्यों में इन दिनों रसोई गैस की सप्लाई को लेकर संकट के हालात बनते दिख रहे हैं। एलपीजी सप्लाई में आई रुकावट ने आम लोगों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट उद्योग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने भी हालात को देखते हुए आवश्यक वस्तु अधिनियम (ECA) के तहत आदेश जारी कर घरेलू उपयोग के लिए गैस आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का फैसला किया है। फिलहाल केंद्र और राज्य सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को एलपीजी आपूर्ति में सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों। इधर रायपुर में गहराते एलपीजी संकट के बीच प्रशासन ने आम जनता, मरीजों और छात्रों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। कमर्शियल गैस की आपूर्ति केवल अस्पतालों, स्कूलों और आवश्यक सेवाओं तक सीमित कर दी है। इससे शहर के तीन दर्जन से अधिक रेस्टोरेंट्स और होटल बंद हो गए हैं। यह कदम घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने और कालाबाजारी रोकने के लिए उठाया गया है।
घरेलू स्टॉक सुरक्षित: रायपुर कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री का भरोसा: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनता को आश्वस्त किया है कि राज्य में कुकिंग गैस की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
समाधान के लिए उच्च स्तरीय प्रयास: पेट्रोलियम मंत्रालय ने रेस्टोरेंट्स और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में आपूर्ति की समीक्षा के लिए तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित की है, जो जल्द ही वैकल्पिक समाधान पेश करेगी।
होटल और रेस्टोरेंट्स पर रोक: होटल, क्लब और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कमर्शियल गैस की नई बुकिंग और सप्लाई फिलहाल रोक दी गई है।जो रेस्टोरेंट खुले हैं, वे केवल चुनिंदा मैन्यू के साथ काम कर रहे हैं या इलेक्ट्रिक इंडक्शन जैसे विकल्पों का उपयोग कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कोयले का भी ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है जिससे कोयले की मांग बढ़ गईं है।
आधुनिक विकल्पों को बढ़ावा: गैस की कमी को देखते हुए होटल एसोसिएशन ने अपने सदस्यों को इलेक्ट्रिक और इंडक्शन चूल्हों का उपयोग करने की सलाह दी है, जिससे भविष्य में गैस पर निर्भरता कम होगी।
बढ़ती कीमतें: कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है; रायपुर में अब यह ₹2,109 के करीब पहुँच गया है।
कारण: पश्चिम एशिया (ईरान-इजराइल) में चल रहे तनाव के कारण तेल और गैस की सप्लाई चेन बाधित हुई है, जिससे घरेलू इस्तेमाल (14.2 किलो) के लिए स्टॉक सुरक्षित रखने को प्राथमिकता दी जा रही है।
राहत भरी खबर : इस बीच खबर है कि भारत ने वैकल्पिक रूट्स से एलपीजी और एलएनजी की सप्लाई हासिल कर ली है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, वैकल्पिक स्थानों से एलपीजी और एलएनजी की ये आपूर्ति जल्द ही देश में पहुंचने की संभावना है। वहीं सरकार की तरफ से तेल कंपनियों को कुकिंग गैस का उत्पादन अधिकतम करने का निर्देश दिए जाने के बाद से भारतीय रिफाइनरियों ने एलपीजी का घरेलू उत्पादन 10 प्रतिशत बढ़ा दिया है।
- Log in to post comments