बस्तर की बेटी नैना सिंह धाकड़ ने विश्व की चौथी ऊँची चोटी पर फहराया तिरंगा

Naina Singh dhakad khabargali

रायपुर(khabargali)। छत्तीसगढ़ के नक्सली हिंसा प्रभावित बस्तर की बेटी नैना सिंह धाकड़ ने अद्भुत कारनामा कर दिखाया है। पर्वतारोही नैना सिंह धाकड़ ने विश्व के सबसे ऊंचे शिखर माउंट एवरेस्ट और विश्व की चौथी ऊंची चोटी माउंट ल्होत्से पर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया है। यह बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाली नैना छत्तीसगढ़ की पहली महिला हैं।

नैना बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर से 10 किलोमीटर स्थित एक्टागुड़ा गांव की रहने वाली हैं। बस्तर गर्ल नैना 10 साल से पर्वतारोहण में सक्रिय हैं। नैना ने 1 जून को यह उपलब्धि हासिल की है। नैना सिंह धाकड़ इस अनोखे कारनामे पर सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से नैना को बधाइयां दी जा रही हैं।

बता दें कि विश्व की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट 8848.86 मीटर है। वहीं, के2 और कंचनजंगा के बाद विश्व का चौथे नंबर का पर्वत शिखर माउंट ल्होत्से है। माउंट ल्होत्से की ऊंचाई 8516 मीटर है। नेपाल में छत्तीसगढ़ के जगदलपुर की पर्वतारोही नैना धाकड़ माउंट एवरेस्ट फतह करने के प्रयास में अत्यधिक थकान के कारण बीमार हो गई थी। जैसे ही रायगढ़ की पर्वतारोही याशी जैन को यह पता चला तो बिना समय खोए वो पर्वतारोही नैना की सकुशल वापसी मे जुट गईं ।