रायपुर (खबरगली) चक्रवाती तूफान मुरासु का असर 5 नवंबर तक ही रहेगा। अगले 24 घंटे में आसमान साफ होगा और न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री गिरेगा। इससे रातें ठंडी होंगी व हल्की ठंड का अहसास होगा। गुरुवार को बस्तर संभाग के एक-दो स्थान पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। गरज-चमक के कारण आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।
ये राहत की बात रही कि मुरासु का असर साइक्लोन अर्नब जैसा रहा। अपेक्षाकृत कमजोर तूफान होने के कारण व्यापक बारिश नहीं हुई और फसल कटाई का इंतजार कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली। हालांकि पिछले 24 घंटे में बस्तर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई, लेकिन अर्नब तूफान के असर जैसा नहीं। पखांजूर में 8, सुकमा में 7, कोंटा में 5, माना में 4, लोहंडीगुड़ा, रायपुर, गादीरास, पिथौरा में 2-2, लाभांडी, छिंदगढ़, जगरगुंडा व मोहला में एक-एक सेमी पानी बरस गया। रायपुर 30.1 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। जबकि 17.3 डिग्री के साथ अंबिकापुर सबसे ज्यादा ठंडा रहा। हालांकि ये सामान्य से ढाई डिग्री ज्यादा है। मौसम खुलते ही ठंड बढ़ेगी।
पिछले सप्ताह अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास पहुंच गया था, जो पूरे ठंड के सीजन में रायपुर में रहता है। हालांकि लाभांडी में न्यूनतम तापमान मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर से दो से तीन डिग्री कम रहता है। यानी शहर की तुलना में आउटर में ठंड ज्यादा रहती है। आसपास खेत व हरियाली के कारण ऐसा होता है। जबकि मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के आसपास कंक्रीट के जंगल है। गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन पानी नहीं गिरेगा। बीती रात 18.6 मिमी पानी गिरा था।
.......
- Log in to post comments
