
मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने जताया शोक
रायपुर (खबरगली) वरिष्ठ पत्रकार,साहित्यकार और इतिहासकार ठाकुर आशीष सिंह का 6-7 सितंबर की रात 1.40 बजे दुखद निधन हो गया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह के पौत्र एवं इतिहासकार, साहित्यकार स्व. हरि ठाकुर के पुत्र आशीष सिंह कैंसर की बीमारी के चलते अस्वस्थ चल रहे थे। उनकी अंतिम यात्रा आज दोपहर 1 बजे रायपुर स्थित निवास स्थान सिन्हा भवन, पांचजन्य स्कूल के पास कुशालपुर से निकली और महादेवघाट मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया । वे अभिमन्यु सिंह, उपमन्यु सिंह के पिता थे।
छत्तीसगढ़ की अस्मिता के लिए पीढ़ी-दर-पीढ़ी सोचने और समझने के साथ अपना सर्वस्व लुटाने वाले आशीष सिंह ठाकुर ने अपने पिता की विरासत को बहुत संजीदगी और सक्रियता से आगे बढ़ाया। गांधी मीमांसा का पुनर्प्रकाशन एक बड़ी उपलब्धि थी।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकार,लेखक,साहित्यकार आशीष सिंह ठाकुर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह के प्रपौत्र आशीष ठाकुर के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवारजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे यही प्रार्थना है।
विस् अध्य्क्ष डॉ रमन सिंह ने भी दुःख जताया

रायपुर के वरिष्ठ पत्रकार आशीष सिंह के निधन पर विस् अध्य्क्ष डॉ रमन सिंह ने दुःख जताया है, उन्होंने सोशल मीडिया में लिखा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्यारेलाल सिंह जी के सुपौत्र, श्री हरि ठाकुर जी के पुत्र, रायपुर के वरिष्ठ पत्रकार व लेखक श्री आशीष सिंह जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। आशीष सिंह जी का देहांत मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, पिछले ही वर्ष उनकी किताब “रायपुर” का विमोचन मेरे आवास में पूरा हुआ था। इस दुखद समय में ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करें।
- Log in to post comments