कवर्धा में व्यापारी ने परिवार समेत खाया जहर, सुसाइड नोट में कर्ज-धमकी की बात

In Kawardha, a businessman and his family consumed poison; suicide note mentions debt and threats kawardha  hindi news cg news khabargali

कवर्धा (खबरगली) कवर्धा जिले में बीती रात यहां के प्रतिष्ठित लोहा व्यापारी योगेश जैन (42) ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर खाकर सामूहिक आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस को मौके से तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसने मामले की गंभीरता को बढ़ा दिया है। नोट में करीब 4 करोड़ रुपए के लेन-देन का जिक्र है। व्यापारी ने आरोप लगाया है कि कई लोगों पर उनकी बड़ी रकम बकाया है, जिसे वे लंबे समय से नहीं लौटा रहे हैं। 

नोट में विशेष रूप से एक व्यक्ति पर करोड़ों रुपए दबाने का गंभीर आरोप है। रुपए की वसूली में हो रही टालमटोल और आर्थिक तंगी के कारण व्यापारी मानसिक तनाव में था। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह के अनुसार, सुसाइड नोट में नामजद व्यक्तियों और आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़ितों की हालत नाजुक होने के कारण उनके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है जिनका नाम सुसाइड नोट में दर्ज है।

पूरा परिवार अस्पताल में भर्ती

जहर का सेवन करने वालों में योगेश जैन, उनकी पत्नी सुमन जैन (37), बेटी तारिका (16) और बेटा प्रिंस (17) शामिल हैं। चारों को गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

Category