रायपुर (खबरगली) सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राजधानी में स्मार्ट राशनिंग की पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है। अब जोरा में भी राशनकार्डधारियों को ग्रेन एटीएम के जरिए 24 घंटे चावल लेने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए नई ग्रेन एटीएम मशीन स्थापित कर दी गई है। हालांकि जिस भवन में रखा गया है, अभी उसका कार्य चल रहा है। दिवाली तक इसका उद्घाटन किए जाने की तैयारी है। मशीन शुरू होने के बाद क्षेत्र के हजारों राशनकार्डधारियों को राशन दुकान खुलने और निर्धारित समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे अपनी सुविधा के अनुसार एटीएम से चावल प्राप्त कर सकेंगे। लंबी लाइन नहीं लगानी पड़ेगी, हालांकि व्यवस्था देखते हुए वर्तमान में सुबह 8 से रात 8 बजे तक एटीएम से हतिग्राही राशन निकाल पा रहे है।
शहर में करीब 10 ग्रेन एटीएम लगाने की योजना
ग्रेन एटीएम के जरिए राशन वितरण व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने के लिए शहर के अलग-अलग कोनों में करीब 10 मशीनें स्थापित करने की योजना है। पायलट प्रोर्क्ट के रूप में इसकी शुरु रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में एक-एक ग्रेन एटीएम के साथ की गई। सक्सेस होते देख अब इसे रायपुर के अलग-अलग इलाके में लगाने की योजना है। इसका उद्देश्य राशनकार्डधारियों को लंबी कतारों और समय की परेशानी से राहत देना है। खासकर नौकरीपेशा लोगों और उन हितग्राहियों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है, जिन्हें राशन लेने के लिए दुकान के निर्धारित समय में पहुंचना मुश्किल होता है। जोरा में मशीन की स्थापना इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
बिरगांव में सफलता के बाद बढ़ा भरोसा
ग्रेन एटीएम योजना को आगे बढ़ाने के पीछे बिरगांव में मिले सकारात्मक परिणाम भी अहम वजह हैं। वहां योजना सफल रहने के बाद राजधानी के अन्य क्षेत्रों में भी इस सुविधा का विस्तार करने का फैसला लिया गया है। मशीनों के जरिए चावल वितरण की व्यवस्था से पारंपरिक राशन वितरण प्रणाली पर निर्भरता कम करने और हितग्राहियों को अधिक सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराने की उम्मीद है।
रायपुर में सबसे ज्यादा उठाव दुर्ग में धीमी रफ्तार
ग्रेन एटीएम से चावल लेने के आंकड़ों में शहरों के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अब तक 1953 राशनकार्डधारियों ने 622.46 क्विंटल चावल लिया है। वहीं बिलासपुर में 1550 हितग्राहियों ने 499.05 क्विंटल चावल का उठाव किया। इसके मुकाबले दुर्ग में अब तक केवल 262 राशनकार्डधारियों ने 93.93 क्विंटल चावल लिया है। आंकड़ों के लिहाज से दुर्ग में योजना के प्रति भागीदारी सबसे कम है।
इस तरह होता है इस्तेमाल
स्टेप 1- मशीन की टच स्क्रीन पर अपना राशन कार्ड नंबर या आधार नंबर दर्ज करें।
स्टेप 2- मशीन में लगे बायोमेट्रिक डिवाइस पर अंगूठा या उंगली लगाएं। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
सटेप 3- मशीन स्क्रीन पर राशन कार्ड की पात्रता के अनुसार मिलने वाले चावल की मात्रा दिखाएगी। जानकारी सही होने पर पुष्टि करें।
स्टेप 4- मशीन के चावल निकलने वाले हिस्से के नीचे अपना खाली थैला रखें। स्क्रीन पर दिए निर्देशों का पालन करने पर निर्धारित मात्रा में चावल अपने आप थैले में भर जाएगा।
वर्जन
जोरा में ग्रेन एटीएम मशीन लगाया जा चुका है, इसे दिवाली तक शुरु किया जाना है। बिरगांव की सफलता के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में और मशीन लगाने की योजना है।
- भूपेंद्र मिश्रा, खाद्य नियंत्रक रायपुर।
- Log in to post comments
