महंगाई को लेकर कांग्रेस का सड़क पर हल्लाबोल, हिरासत में लिए गए राहुल-प्रियंका

Nationwide agitation against inflation and unemployment, Congress's ruckus on the road, Rahul Gandhi, Priyanka, BJP detained, Khabargali

इस दौरान राहुल-प्रियंका सहित कई सांसद काले रंग के कपड़े में नजर आए

नई दिल्ली (khabargali) कांग्रेस पार्टी आज महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया है। कांग्रेस के कई सांसद विजय चौक पर धरने पर बैठ गए हैं। दरअसल, राहुल गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाल रहे थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें विजय चौक पर ही रोक दिया और राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कांग्रेस को इस मार्च की अनुमति नहीं दी थी। इस इलाके में धारा 144 लागू है। उधर, कांग्रेस दफ्तर से मार्च निकाल रहीं प्रियंका गांधी को भी हिरासत में ले लिया गया।

राहुल गांधी ने कहा, ''हम शांति से राष्ट्रपति भवन जाना चाहते थे। रैली में सभी लोग राज्यसभा और लोकसभा के सांसद हैं मगर हमें जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर हम यहां हैं। लोकतंत्र की हत्या हो रही है।'' उन्होंने आगे कहा, ''हमारा काम ये सुनिश्चित करना है कि भारतीय लोकतंत्र सुरक्षित हो। हमारा काम जनता के विषयों को उठाना है और हम अपना काम कर रहे हैं।''

सांसदों को पीटा गया- राहुल गांधी

हिरासत में लिए गए राहुल गांधी ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने कहा, हम राष्ट्रपति भवन की तरफ मार्च निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया। कई सांसदों को हिरासत में लिया गया है। उन्हें बुरी तरह से घसीटा गया और पीटा गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर बीजेपी पर साधा निशाना

इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को यानी आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी पर जमकर हमला बोला। इस दौरान राहुल-प्रियंका सहित कई सांसद काले रंग के कपड़े में नजर आए। बात बात में उन्होंने ऐसी बात कह दी है जिसपर हंगामा मच गया है। दरअसल, उन्होंने बीजेपी की चुनाव जीत को हिटलर की जीत से तुलना कर दी। फिर क्या था बीजेपी ने भी कांग्रेस को घेर लिया और याद दिलाया कि उनकी दादी ने ही देश में आपातकाल लगाया था। दरअसल, राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछा गया था कि आप बेरोजगारी और महंगाई का मुद्दा उठा रहे हैं लेकिन बीजेपी कहती है कि लोकतंत्र में चुनाव सबसे अच्छा तरीका होता है, जो जनता तय करती है और वो चुनाव जीत रही है। इसपर राहुल ने कहा, 'हां हिटलर भी चुनाव जीत जाता था। हिटलर चुनाव कैसे जीतता था। हिटलर चुनाव ऐसे जीतता था कि जर्मनी के पूरे के पूरे इंस्टीट्यूशन उसके हाथ में थे। उसके पास SA थी। पैरामिलिटरी फोर्स थी। उसके पास पूरा का पूरा ढांचा था। मुझे पूरा ढांचा दे दो फिर मैं आपको दिखाऊंगा कि कैसे इलेक्शन जीता जा सकता है।' आपको बता दें कि उन्होंने कल ही केंद्र सरकार के खिलाफ तेवर दिखाते हुए कहा था कि मैं किसे से नहीं डरता हूं, जो करना है कर लें।

केंद्रीय एजेंसियों के समन से बच नहीं सकते सांसद- नायडू

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा, सासंद केंद्रीय जांच एजेंसियों के समन से बच नहीं सकते हैं। सत्र चल रहा हो या नहीं सभी को कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए। यह हमारा कर्तव्य है। दरअसल, कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कल ईडी के समन का विरोध जताया था।