कांकेर (खबरगली) उत्तर बस्तर कांकेर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाएं न सिर्फ यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं, बल्कि लोगों के मन में भय भी पैदा कर रही हैं। गुरुवार को जहां रतेसरा के पास दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, वहीं महज 24 घंटे के भीतर एक और बड़ा हादसा सामने आ गया।
शुक्रवार देर रात नेशनल हाइवे-30 पर स्कॉर्पियो और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार से आ रहे दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों में कई लोग सवार थे, जो टक्कर के बाद गाड़ियों में फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
- Log in to post comments