ओडिशा (खबरगली) ओडिशा के देवगढ़ जिले में बुधवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, बहू और 4 साल की पोती की हथौड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
यह वारदात कुंढेइगोला थाना क्षेत्र के गरियापाली गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान 52 साल के रमेश गरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात उसका अपनी पत्नी गुल गरिया से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ।
इसी दौरान गुस्से में आकर उसने हथौड़े से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। हमले के दौरान उसकी बहू लिपि और 4 साल की पोती ईशानी बीच बचाव करने आईं। लेकिन आरोपी ने उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी एक कुल्हाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। वारदात के समय आरोपी का बेटा घर पर मौजूद नहीं था। वह पेशे से ड्राइवर है और काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। जब वह घर लौटा तो उसने अपनी मां, पत्नी और बेटी को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद उसने तुरंत कुंधेइगोला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही देवगढ़ के एसपी अनिल कुमार मिश्रा और एसडीपीओ रमेश महाना समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
- Log in to post comments