रायपुर(खबरगली) रायपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सिद्धि विनायक होटल की छत से कूदकर एक युवती ने आत्महत्या कर ली। घटना गंज थाना क्षेत्र की है, जहां सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को थाना गंज में सूचना मिली कि होटल की छत से एक महिला ने कूदकर जान दे दी है। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान करवाई, जिसमें मृतका की पहचान कुमारी हनी गुप्ता (25 वर्ष) के रूप में हुई।
वह मूल रूप से रायगढ़ जिले के चक्रधर थाना क्षेत्र की निवासी थी और वर्तमान में रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सड्डू स्थित राजधानी विहार में रह रही थी। जांच के दौरान एक अहम तथ्य सामने आया कि मृतका के परिजनों ने पहले ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 7 मार्च 2026 को थाना विधानसभा में दर्ज कराई थी।
मामले में पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 42/2026 कायम किया था। बाद में विधानसभा थाना पुलिस ने 11 मार्च को हनी गुप्ता को दस्तयाब भी कर लिया था। हालांकि, इसके बाद वह फिर से किन परिस्थितियों में होटल पहुंची और उसने यह कदम क्यों उठाया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवती पिछले कुछ दिनों से होटल में ठहरी हुई थी। पुलिस होटल प्रबंधन, कर्मचारियों और युवती के परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
इस घटना ने शहर में एक बार फिर युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल गंज थाना पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
- Log in to post comments