रायपुर (खबरगली) राजस्व वसूली के मामले में एक दिन में 1.13 करोड़ रुपए जमा कराकर नगर निगम ने नया रेकॉर्ड बनाया है। इसलिए ऐसी सख्ती जरूरी है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने हर रोज 1 करोड़ का आंकड़ा देते हुए प्रापर्टी टैक्स वसूली पर ही सबसे अधिक जोर दे रहे हैं। उसका रिजल्ट आ गया। ऐसी ही सख्ती और मॉनिटरिंग शहर की सफाई सुधारने, जलभराव और पेयजल संकट से निपटने के लिए जरूरी है।
राजस्व विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा ने आयुक्त की कार्ययोजना पर अमल कराते हुए बड़े बकायादारों सहित 30 जून तक सवा छह प्रतिशत छूट देने के अभियान को जोनों तक पहुंचाया। शुक्रवार शाम तक 1 करोड़ 13 लाख 41 हजार 532 रुपए की रेकॉर्ड राजस्व वसूली का आंकड़ा सामने आया। निगम के सभी जोनों में विशेष राजस्व अभियान चलाकर 515 संपत्ति कर धारकों से उक्त राशि की वसूली की गई।
यह उपलब्धि न केवल रायपुर नगर निगम की वित्तीय स्थिति को और अधिक मजबूत करेगी, बल्कि शहर में विकास एवं जनसुविधाओं के कार्य भी होंगे। क्योंकि सफाई ठेकेदारों के करोड़ों रुपए बाकी हैं। राजस्व अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2025 में जून के प्रथम 11 दिनों में 44 लाख 17 हजार 342 रुपए की वसूली हुई थी। वहीं, वर्ष 2026 में इसी अवधि में 62 लाख 49 हजार 628 रुपए की टैक्स वसूली की गई।
राजस्व बढ़ने से सुविधाओं का विस्तार होगा
आयुक्त संबित मिश्रा का मानना है कि राजस्व आने पर ही शहर के लोगों को मूलभूत सुविधाओं में विस्तार और विकास होगा। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, स्पष्ट निर्देश दिया है कि बकाया राजस्व पूरी तरह से जमा होना चाहिए। सभी जोन कमिश्नरों, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा, सहायक राजस्व अधिकारियों एवं राजस्व विभाग के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने समन्वित प्रयासों के साथ अभियान शुरू कर हर रोज 1 करोड़ का आंकड़ा छूने लगे हैं।
- Log in to post comments