रायपुर (खबरगली) रायपुर जिले में भंडारण की समस्या बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि नागरिक आपूर्ति निगम रायपुर समय पर खाद्यान्न का भंडारण नहीं करा पा रहा है। ऊपर से संचालनालय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण की ओर से अब तीन माह का चावल एकमुश्त वितरण करने कहा गया है। जबकि विभाग की ओर से इससे पहले भी दो माह का चावल वितरण करने को कहा गया था, जिसे ही पूरी तरह वितरण ना किया जा सका।
अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, छत्तीसगढ़ खाद्य और पोषण सुरक्षा अधिनियम और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के राशनकार्डधारी परिवारों को अप्रैल, मई और जून तक के राशन का भंडारण और वितरण करने आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही सामान्य राशनकार्ड में चावल का व अन्य राशन सामग्री शक्कर, नमक का भंडारण और वितरण नागरिक आपूर्ति निगम में स्टॉक की उपलब्धता के आधार पर अप्रैल से जून के दौरान प्रति माह पृथक-पृथक जारी आवंटन अनुसार भंडारण एवं वितरण करने कहा है।
सभी दुकानों में चस्पा करनी होगी वितरण की सूचना
3 माह की पात्रता अनुसार अन्त्योदय प्राथमिकता निराश्रित, निशक्तजन राशनकार्डधारियों को चावल वितरण की सूचना सभी उचित मूल्य दुकानों में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने कहा गया है। जिससे सभी राशन कार्डधारियों की इसकी सूचना हो, एकमुश्त राशन उठा सके। साथ ही प्रत्येक माह के प्रदाय चावल की वितरण रसीद भी ई-पॉस मशीन से जनरेट कर हितग्राही को दिया जाएगा।
भनपुरी स्थित गोदाम नंबर चार से उचित मूल्य की दुकानों में चावल और शक्कर का समय पर भंडारण नहीं हो पा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गोदाम में हर दिन ट्रांसपोर्ट के लिए मुश्किल से दो से तीन गाड़ी ही लगाई जा रही है। ये गाड़ी सिर्फ एक फेरे ही लगा रही है, जिसके कारण सप्लाई प्रभावित हो रही है।
यह स्थिति जिले के मंदिर हसौद और धरसींवा गोदाम में भी देखने को मिल रही है। ट्रांसपोर्टर को इन गोदामों में भी जितनी गाड़ियां हर दिन लगानी हैं, उसके एवज में आधी से कम गाड़ियां लगाई जा रही हैं। इस कारण इन क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित उचित मूल्य की कई दुकानों में भी चावल और शक्कर का भंडारण समय में नहीं हो रहा है।
- Log in to post comments