रायपुर( खबरगली) भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ में एक और बड़ा बदलाव कर सभी को चौंका दिया है। नए फेरबदल में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और अजय जामवाल की छत्तीसगढ़ से छुट्टी हो गई है। उनके उनकी जगह कर्मवीर को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है। वहीं शिव प्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री नियुक्त किया गया है। बता दें कि एक दिन पहले ही प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति हुई है। वहीं आज संगठन में हुए बड़े बदलाव से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
पवन साय को अब झारखंड की जिम्मेदारी
वरिष्ठ नेता पवन साय को अब झारखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अजय जामवाल को महाराष्ट्र में प्रदेश संगठन महामंत्री की कमान संभालेंगे। पवन साय के राजनीतिक करियर की बात करें तो प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में वापस लाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में उनकी भूमिका बेहद अहम मानी जाती रही है। वहीं अब अचानक झारखंड भेजे जाने से भीतर और बाहर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।
कर्मवीर के सामने चुनौती
इधर पवन साय की जगह लाए गए कर्मवीर के सामने अब छत्तीसगढ़ में संगठन को नए सिरे से साधने और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी। देखने दिलचस्प होगा कि प्रदेश में बीजेपी किस रणनीति के तहत कार्य करती है। वहीं दूसरी नई प्रदेश प्रभारी के ऐलान के बाद निश्चित रूप बीजेपी के काम करने के तरीकों में बदलाव आएगा।
जानिए नए संगठन महामंत्री कर्मवीर के बारे में
प्रदेश के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले और वर्तमान हाथरस जिले के स्वयंसेवक हैं। उन्होंने 1993 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली से संघ के प्रचारक के रूप में अपना जीवन शुरू किया। इस दौरान वे तहसील प्रचारक, नगर प्रचारक, जिला प्रचारक और महानगर प्रचारक जैसे विभिन्न दायित्वों पर रहे। उन्होंने फतेहपुर सीकरी (आगरा), अलीगढ़, मथुरा, एटा और बरेली में भी संगठन का कार्य किया। 2015 में वे मेरठ प्रांत के सह प्रांत प्रचारक बने और 2019 में ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक के रूप में कार्य किया। 2020 से वे भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के दायित्व पर रहे। अगस्त 2022 से वे झारखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में उनका केंद्र भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची (झारखंड) है।
- Log in to post comments
