स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी को 51 लाख देने की घोषणा, मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात

Announcement made to award ₹51 lakh to gold medalist Sanju Devi meeting held at the Chief Minister's residence latest news hindi news khabargali

रायपुर (खबरगली) एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संजू देवी की उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है।

संजू देवी की मेहनत को CM साय ने सराहा

मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के प्रदर्शन को लेकर बातचीत की। उन्होंने संजू देवी के खेल के प्रति समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि इससे हजारों युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिलती है। संजू देवी की सफलता से प्रदेश के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड

जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। टीम की इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी योगदान दिया। संजू देवी की इस उपलब्धि के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया और सम्मान स्वरूप 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचलों और छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता निखारने और देश-दुनिया के खेल मंचों तक पहुंचने के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है। संजू देवी जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां इस दिशा में युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करती हैं।

Category

Other News