रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ की जेलों में अब कैदियों और विचाराधीन बंदियों को सामाजिक हैसियत, शिक्षा, आर्थिक स्थिति या रहन-सहन के स्तर के आधार पर वीआईपी सुविधाएं नहीं मिलेंगी। सभी बंदियों को समान नियमों के तहत रखा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ कारागार नियम के सात प्रावधानों में संशोधन कर वर्षों पुरानी भेदभावपूर्ण व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। नवंबर 2026 में अधिसूचित इन संशोधनों के बाद जेलों में बंदियों को काम आवंटित करने से लेकर विशेष सुविधाओं तक के नियमों में बदलाव किया गया है।
जेल मैनुअल में संशोधन करने का निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने 3 अक्टूबर 2024 को जेलों में जातिगत भेदभाव और असमान व्यवहार से जुड़े प्रावधानों को असंवैधानिक ठहराते हुए सभी राज्यों को तीन महीने के भीतर जेल मैनुअल में संशोधन करने का निर्देश दिया था। फरवरी 2025 में अनुपालन रिपोर्ट नहीं सौंपने वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ और दिल्ली भी शामिल थे। अदालत ने दोनों राज्यों को अतिरिक्त समय दिया था। इसके बाद राज्य सरकार ने नियमों में बदलाव की प्रक्रिया पूरी कर संशोधन अधिसूचित किया।
जाति के आधार पर वाली परंपरा खत्म
संशोधित नियमों के तहत जेलों में बंदियों को सफाई, झाड़ू लगाने और अन्य कार्य जाति या सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर नहीं सौंपे जाएंगे। अब काम का आवंटन रोटेशन के आधार पर होगा। रसोइयों की नियुक्ति से जुड़े नियम 562 में भी संशोधन कर अन-अभ्यासिक वर्ग से होने की शर्त हटा दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने जेलों में सफाई जैसे काम विशेष जातियों के बंदियों को देने और रसोई संबंधी कार्यों को जाति विशेष तक सीमित रखने पर आपत्ति जताई थी।
अब विशेष सुविधाओं पर रोक
नए संशोधनों के तहत नियम 307, 369 और 421 को पूरी तरह हटा दिया गया है, जबकि नियम 395 के उपनियम (8) के एक खंड में बदलाव किया गया है। नियम 385 में भी महत्वपूर्ण संशोधन कर उच्च जीवन स्तर का आदी होने के आधार पर विशेष सुविधा देने की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है।
केवल कोर्ट के नियमों का पालन
अब हाईप्रोफाइल बंदियों को भी सामान्य नियमों के तहत रखा जाएगा। सुरक्षा संबंधी जोखिम या अन्य विशेष परिस्थितियों में अलग रखने की व्यवस्था केवल कोर्ट के निर्देशों के अनुसार ही लागू होगी। पहले आर्थिक रूप से संपन्न, उच्च सामाजिक स्थिति वाले या आयकरदाता विचाराधीन बंदियों को अपनी पृष्ठभूमि के आधार पर जेल में विशेष सुविधाएं मिलने की गुंजाइश थी।
- Log in to post comments
