कोरबा में हाथी का आतंक, ट्रैक्टर को सूंड से पटका-पैरों से कुचला, जान बचाकर भागे लोग

Elephant terror in Korba animal tosses tractor with its trunk and crushes it underfoot; people flee to save their lives hindi news khabargali

कोरबा (खबरगली) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों को खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि, ग्रामीण समय रहते ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले, जिससे किसी की जान नहीं गई, लेकिन गुस्साए हाथी ने सूंड और पैरों से ट्रैक्टर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फसल बचाने की कोशिश में पहुंचे थे ग्रामीण

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा गांव का है। धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का एक झुंड जिल्गा के जंगल में आ पहुंचा था। ग्रामीणों को आशंका थी कि, हाथी आबादी वाले क्षेत्रों में घुसकर उनकी खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी डर से सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर पर सवार होकर जंगल की ओर गए और ट्रैक्टर की तेज आवाज से हाथियों को खदेड़ने का प्रयास करने लगे।

 हाथी ने किया तहस-नहस

ट्रैक्टर की आवाज सुनते ही झाड़ियों के भीतर से एक हाथी बाहर निकला और सीधे ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी तरफ आता देख ग्रामीण घबरा गए और ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग खड़े हुए। इसके बाद हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटका और पैरों से कुचलकर उसे बुरी तरह तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव लौटकर ट्रैक्टर मालिक को इसकी सूचना दी। बाद में दूसरे किसान के ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को खींचकर गांव लाया गया।


 

Category