जांजगीर-चांपा (खबरगली) बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार की शाम मौसम का कहर दो परिवारों पर मौत बनकर टूट पड़ा। सब्जी बाड़ी में काम कर रहे लोगों ने बारिश से बचने के लिए बाड़ी के बीच बनाई गई झोपड़ी में शरण ली थी। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिर गई। हादसे में तीन पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की है।
बलौदा थाना के गांव महुदा से 2 किमी दूर अमरिया कछार नदी के पास दो परिवारों के लोग सब्जी बाड़ी में काम कर रहे थे। बारिश शुरू होने के बाद सभी लोग बाड़ी के बीच बनी झोपड़ी में पहुंच गए। कुछ देर बाद अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से झोपड़ी में मौजूद लोग बुरी तरह प्रभावित हुए। हादसे में तीन पुरुषों की मौत हो गई, इसमें नरेश पिता रामू खैरवार, रामभरोस पिता कंशराम पटेल व तुलसी पिता बेद राम पटेल शामिल है।
हादसे में चार लोग झुलसे
इस हादसे में चार लोग झुलस गए। इसमें अंजू पटेल पति रामभरोश पटेल (26 ), दुलारा बाई पटेल पति तुलसी पटेल (46), बैशाखू पिता रामू खैरवार (32) व पवन बाई शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल बलौदा अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अंजू पटेल व दुलारा बाई की गंभीर स्थिति के कारण बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार बलौदा अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
- Log in to post comments
