एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत, खाना खाते ही बिगड़ी तबीयत

Three children from the same family die; health deteriorated immediately after eating. janjgir news chhattisgarh news khabargali

जांजगीर-चांपा (खबरगली) जांजगीर-चांपा जिले के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दो बच्चियों ने इंदौर के अस्पताल में दम तोड़ा, जबकि गंभीर रूप से बीमार तीसरी बच्ची की मौत इटारसी के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।

रात में चावल, रोटी और सब्जी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

मृत बच्चियों का परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है। बच्चियों के पिता नरेंद्र सिंह पीथमपुर स्थित एलएनटी कंपनी में मशीन ऑपरेटर के पद पर काम करते हैं। परिजनों के मुताबिक, दिन में परिवार ने सामान्य रूप से दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। इसके बाद रात में तीनों बेटियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। 10, 8 और 5 साल की तीनों बच्चियों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल इंदौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दो बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि इंदौर के निजी अस्पताल में दोनों बच्चियों की मौत के बाद उनके शव बिना पोस्टमार्टम कराए ही सौंप दिए गए। इसके बाद परिवार के लोग दोनों बच्चियों के शव और गंभीर रूप से बीमार तीसरी बेटी को लेकर अपने पैतृक गांव जांजगीर-चांपा लौटने के लिए रवाना हुए।

इटारसी में तीसरी बच्ची ने भी तोड़ा दम

तीसरी बच्ची की हालत बिगड़ने के बाद परिजन उसे तत्काल इटारसी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Category