रायपुर (खबरगली ) छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल की है। वे अपने शंकर नगर स्थित निवास स्थान से नवा रायपुर स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के प्रधान कार्यालय ई-रिक्शा में सवार होकर पहुंचे। बोर्ड की बैठक में शामिल होने के लिए ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचने पर निगम की प्रबंध संचालक (MD) इफ्फत आरा समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी इस अनूठी पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री के आह्वान को बताया प्रेरणा का स्रोत
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण उत्पन्न विपरीत परिस्थितियों और पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित कमी से निपटने के लिए ऐसे कदम उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से पेट्रोल-डीजल का कम से कम उपयोग करने और एक साल तक विदेश यात्रा न करने का आह्वान किया है। इसी आह्वान को आत्मसात करते हुए उन्होंने ई-रिक्शा से दफ्तर पहुंचकर देश के प्रति अपना छोटा सा योगदान दिया है।
सप्ताह में दो दिन ई-रिक्शा के उपयोग का संकल्प
नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष ने इस दौरान एक बड़ा संकल्प लेते हुए कहा कि वे अब सप्ताह में कम से कम दो दिन ई-रिक्शा का उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि आपदा भी कभी-कभी देश हित में योगदान देने का अवसर लाती है। इस कदम से न केवल आर्थिक दबाव कम होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी बड़ी मदद मिलेगी।
अधिकारियों और आम जनता से वैकल्पिक साधनों के उपयोग की अपील
श्रीवास्तव ने अपने कार्यालय के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे पेट्रोल-डीजल के वैकल्पिक माध्यमों को अपनाएं। उन्होंने लोगों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट, ई-रिक्शा और इलेक्ट्रिक स्कूटी जैसे वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनता के इन छोटे-छोटे प्रयासों से देश को महंगाई, आर्थिक दबाव और देश की अर्थव्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में अभूतपूर्व सहायता मिलेगी।
- Log in to post comments