इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में लगी आग, क्षेत्र में मची अफरा-तफरी

 Fire breaks out at Indira Gandhi Agricultural University, causing panic in the area raipur fire news big news khabargali

रायपुर (खबरगली) रायपुर के  इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के बाद विश्वविद्यालय परिसर और हॉस्टल में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे छात्रों और कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, आग विश्वविद्यालय के कृषि परीक्षण से जुड़े क्षेत्र में लगी, जहां कई एकड़ में फैली फसलों और प्रयोगात्मक खेती को भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में लगभग 20 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

 घटना के बाबाद विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों और मौजूद छात्रों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई और उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। काफी देर तक प्रयास करने के बावजूद आग नियंत्रित नहीं हो सकी। सूत्रों के अनुसार, दमकल विभाग को सूचना देने में देरी की गई, जिससे आग और अधिक फैल गई। बताया जा रहा है कि शुरुआती समय में आग को छिपाने या मामला दबाने की कोशिश की गई, जिसके कारण फायर ब्रिगेड की टीम देर से मौके पर पहुंची। जब आग विकराल रूप लेने लगी, तब दमकल विभाग को सूचना दी गई। 

इसके बाद मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद ही राहत की स्थिति बन सकी। घटना के समय विश्वविद्यालय के कई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे, जिससे सुरक्षा और आपात व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और छात्रों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।


 

Category