अहमदाबाद (खबरगली) गुजरात के अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता की भी घोषणा की गई है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
PMNRF से मिलेगी आर्थिक सहायता
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, PMNRF से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी जताया दुख
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
राज्य सरकार ने घोषित किया अतिरिक्त मुआवजा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
- Log in to post comments