रायपुर (खबरगली) रायपुर में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। विधानसभा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने गैस एजेंसी के सुपरवाइजर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर डेढ़ लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे मोतीनगर के कचना खेल मैदान के पास हुई।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में शहर में नाकेबंदी की गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता रोककर की लूट जानकारी के मुताबिक, गैस एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत पन्नालाल मैकाहा (45 वर्ष) गुरुवार शाम नकदी लेकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान जब वे विधानसभा थाना क्षेत्र के मोतीनगर स्थित कचना खेल मैदान के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने अचानक सुपरवाइजर पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। इस हमले से पीड़ित कुछ समझ नहीं पाए और बदमाशों ने मौके का फायदा उठाकर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।
डेढ़ लाख रुपए और मोबाइल लेकर फरार हुए आरोपी पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बदमाशों ने सुपरवाइजर के पास मौजूद 1 लाख 50 हजार रुपए नकद और उनका मोबाइल फोन लूट लिया। आरोपियों ने वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि पीड़ित को संभलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। अचानक हुए हमले और नकदी लूटे जाने से पीड़ित परेशान हो गए। घटना के बाद वे किसी तरह विधानसभा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
- Log in to post comments
