रायपुर (खबरगली ) पुलिस कर्मियों को उनकी व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या से राहत दिलाने के लिए पुलिस लाइन रायपुर में एक विशेष 'तन-मन रंजन' संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जवानों को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करना था।शाम की ब्रीफिंग के समय आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 150 महिला एवं पुरुष जवान शामिल हुए।
तनाव मुक्ति के इस अनूठे प्रयास की शुरुआत 'लाफ्टर थेरेपी' (हंसी के ठहाके) और 'क्लैपिंग थेरेपी' (ताली वादन) से हुई। इसके बाद हार्मोनिका (माउथ ऑर्गन) और विसलिंग (सीटी वादन) की मधुर प्रस्तुतियों ने जवानों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत की धुनों के बीच पुलिस कर्मियों ने न केवल तनाव को पीछे छोड़ा, बल्कि उनके मनोबल में भी वृद्धि देखी गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हार्मोनिका क्लब के संस्थापक व अध्यक्ष श्री राजीव श्रीवास्तव (पूर्व आईपीएस) सहित प्रमुख सलाहकार श्री शैलेश मोगरे, दिलीप शर्मा, नवाज खान और सचिव तारकेश्वर वर्मा उपस्थित रहे। साथ ही क्लब के अन्य सदस्य नेहा पुरोहित, रेणुका सुब्बा और वाघेला परिवार ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पुलिस विभाग की ओर से डीएसपी श्री नितेश द्विवेदी और आर.आई. श्री अनीश सारथी सहित अन्य अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से कार्यक्षमता बढ़ती है और ड्यूटी के भारी दबाव के बीच सकारात्मकता का संचार होता है। जवानों ने मांग की कि मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने वाले ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए।
- Log in to post comments